उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश अपनी पार्टी की चिंता करें। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर बोलने से पहले उसके बारे में जान लें। अगर संघ को समझ लेंगे तो बोलने से पहले हजार बार सोचेंगे।
गौरतलब है कि विगत गुरुवार को लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर हुए कार्यक्रम में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश की एकता व सामाजिक सौहार्द के लिए आरएसएस पर पाबंदी लगाई थी।
इसलिए समाज के बंटवारे और नफरत फैलाने वाली आरएसएस की विचारधारा पर फिर रोक लगनी चाहिए।एक दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को मैनपुरी आए उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अफसरों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। वहीं भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराया। उन्होंने कहा कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में मैनपुरी से भाजपा के तीन विधायक और बढ़ेंगे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सुबह करीब 11 बजे आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री के साथ हेलीकाप्टर पुलिस लाइन पहुंचे। कुछ देर ट्रांजिस्ट हॉस्टल में रुकने के बाद भाजपा कार्यालय पर पहुंचकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। यहां उन्होंने अनुच्छेद 370 का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जो वायदे किए हैं उन्हें पूरा कर रही है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा में मैनपुरी के तीन विधायक और बढ़ेंगे। जिले में हावी डेंगू की बीमारी पर उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी से प्रस्ताव मांगा गया है, डेंगू से लड़ाई में सरकार पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों और भूमाफियाओं पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी जारी रहेगी।
केशव प्रसाद मौर्य ने जय श्रीराम का नारा लगाते हुए भाजपाइयों में जोश भरा। अयोध्या विवाद पर इशारों ही इशारों में कह दिया कि भाजपा नेता किसी भी तरह की जल्दबाजी न करें, धैर्य से इंतजार करें। बहुत जल्द बड़ी खुशी मिलने वाली है। उन्होंने कहा केंद्र और प्रदेश सरकार ने जो वायदे किए हैं, वो सभी पूरे होंगे।
मैनपुरी स्थित श्री एकरसानन्द आश्रम पंजाबी कॉलोनी में स्वामी हरेहरानंद महाराज जी से शिष्टाचार भेंट कर परम पूज्य महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। तत्पश्चात आश्रम में उपस्थित आमजनों से प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रमुख विकास कार्यों के बारे में संवाद किया।