बिहार (Bihar ) के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ( Gupteshwar Pandey ) रविवार को जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल हो गए। उन्होंने आज शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar ) के आवास पर उनकी मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
जदयू में शामिल होने के बाद गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा, नीतीश कुमार हमारे नेता हैं। पार्टी जो भी हमसे कहेगी वह करूंगा। मैं दिल का साफ आदमी हूं। मुझे तो अभी पता भी नहीं है कि राजनीति क्या होती है। जो भी हमारे नेता का आदेश होगा उसका पालन होगा।
हाल ही में गुप्तेश्वर पांडेय ( Gupteshwar Pandey ) ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) ली थी, इसके बाद से ही उनके राजनीति में जाने के कयास लगाए जा रहे थे। गुप्तेश्वर पांडेय ( Gupteshwar Pandey ) 2019 में बिहार के डीजीपी बने थे। सुशांत सिंह राजपूत केस को लेकर भी काफी चर्चा में रहे थे।गुप्तेश्वर पांडेय ने मंगलवार, 22 सितंबर की देर शाम वीआरएस ले लिया था। 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी गुप्तेश्वर पांडेय का कार्यकाल पांच महीने बाद समाप्त होने वाला था। 31 जनवरी 2019 को उन्हें सूबे का डीजीपी बनाया गया था। राज्य के पुलिस महानिदेशक के रूप में गुप्तेश्वर पांडेय का कार्यकाल 28 फरवरी 2021 को पूरा होने वाला था।
पटना स्थित जेडीयू मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश से मुलाकात करने के बाद गुप्तेश्वर ने कहा था, ‘मेरी कोई राजनीतिक बात नहीं हुई है। उनको धन्यवाद देने आया था कि उन्होंने मुझे पूरी स्वतंत्रता काम (पुलिस महानिदेशक के पद रहने के दौरान दायित्वों के निर्वहन में) करने की दी। सेवानिवृत्ति के बाद मैं सिर्फ उनके समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहता था।’
गुप्तेश्वर पांडेयके अपने पैतृक जिले बक्सर से बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।मीडिया के एक वर्ग की रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि गुप्तेश्वर वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में अपना भाग्य आजमा सकते हैं। निवर्तमान जेडीयू सांसद बैद्यनाथ महतो के निधन से यह सीट खाली हुई थी।