छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ( Mohan Bhagwat)ने कहा कि, देश को भारत को वैभवशाली, सामर्थ्यवान बनाना ही हम सभी का उद्देश्य है। जो भारत को अपनी माता मानता हैं, वे हिंदू हैं।
उन्होंने कहा कि, पूर्वज समान हैं, 40,000 वर्ष पहले से जो भारत था, काबुल के पश्चिम से छिंदविन नदी की पूर्व तक और चीन की तरफ की ढलान से श्रीलंका के दक्षिण तक जो मानव समूह आज है उनका DNA 40,000 वर्षों से समान है और तबसे हमारे पूर्वज समान हैं।मात्र हिंदुत्व ही ऐसी विचारधारा है, जिसकी विविधता में एकता है।उन्होंने कहा कि हमको वेदों ने भी यही सिखाया कि अपनी-अपनी पूजा पर पक्के रहो। अपनी-अपनी भाषा है, उसे बोलो, उस भाषा का विकास करो। अपना-अपना खान-पान है, वो उस भौगोलिक क्षेत्र के लिए उचित है।
उन्होंने कहा कि, संघ की शाखा में आने वाले की जात-पात नहीं पूछी जाती। भारतवर्ष की विविधता में भी एकता है। सारी विविधता का संघ सम्मान करता है। संघ प्रमुख मंगलवार को अंबिकापुर में बाद्धिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
पीजी कॉलेज मैदान में हो रहे कार्यक्रम में संघ प्रमुख भागवत ने कहा कि, हमारा स्वार्थ पूरे भारत का उत्थान है। संघ का कोई अपना स्वार्थ नहीं है। संघ को कोई लोकप्रियता नहीं चाहिए। जब संघ प्रारंभ हुआ था, तो विचारधारा के साथ लोगों का विश्वास कम था। आज कई तरह के आरोपों से भड़काने के बाद भी समाज संघ पर विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि जब भी भारत पर संकट आता है तो हम बस भूल जाते हैं। आपस में कितना भी लड़ते रहें, लेकिन संकट के समय सब एक हो जाते हैं।
संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ( Mohan Bhagwat)ने कहा, हम घर पर किसी भी देवी-देवता की पूजा करतें हों, किसी भी धर्म के हों, लेकिन देश के लिए हम एकजुट हो जाते हैं। हमें अपने धर्म के साथ दूसरे के धर्म का उतना ही आदर करना चाहिए। मातृभूमि ही सर्वोपरि है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि हिंदू संप्रदाय नहीं है, जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा, सभी धर्मों का यही उपदेश है कि सब में ईश्वर है। प्रेम से रहो, सेवा करो। मनुष्य अलग-अलग होता है, अलग सोचता है, लेकिन सबमें ईश्वर है।
संघ प्रमुख मोहन भागवत ( Mohan Bhagwat)के अंबिकापुर प्रवास के अवसर पर संभाग मुख्यालय में चार जिलों के 10 हजार से अधिक स्वयं सेवक जुटे। सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया व जशपुर जिले से बड़ी संख्या में संघ के स्वयं सेवक अंबिकापुर पहुंचे थे। पूर्ण गणवेश में पहुंचे स्वयं सेवकों ने पथ संचालन किया और पीजी कॉलेज मैदान पहुंचे। पथ संचलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, केंद्रीय मंत्री श्रीमती रेणुका सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल सहित अन्य नेतागण भी शामिल हुए।
#WATCH सबके पूर्वज समान हैं, 40,000 वर्ष पहले से जो भारत था, काबुल के पश्चिम से छिंदविन नदी की पूर्व तक और चीन की तरफ की ढलान से श्रीलंका के दक्षिण तक जो मानव समूह आज है उनका DNA 40,000 वर्षों से समान है और तबसे हमारे पूर्वज समान हैं: RSS प्रमुख मोहन भागवत pic.twitter.com/Sqnm5ocUFT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 15, 2022