दिल्ली व पंजाब के मुख्यमंत्रियों ने अपने परिजनों के साथ सोमवार को अयोध्या( Ayodhya ) में रामलला के दर्शन किए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल( Arvind Kejriwal )और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को सपरिवार अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। आप के दोनों मुख्यमंत्री एक घंटा 16 मिनट तक मंदिर परिसर में रहे।
इस दौरान केजरीवाल ( Arvind Kejriwal )ने मीडिया से दूरी बनाई रखी। उन्होंने न अयोध्या पहुंचने पर और न ही रामलला के दर्शन के बाद मीडिया से बात की। सिर्फ दिल्ली जाते वक्त एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात की। मगर कोई राजनीतिक बयान नहीं दिया। उनका बयान सिर्फ राम मंदिर पर केंद्रित रहा।
रामलला के दर्शन-पूजन के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राममंदिर का निर्माण पूरे देश, समाज व विश्व के लिए सौभाग्य की बात है। रामलला के दर्शन कर असीम शांति की अनुभूति हुई है। वह अभिभूत हैं।
उन्होंने आगे कहा कि रामलला आस्था का विषय हैं। जन-जन की आस्था उनसे जुड़ी है। रामलला का मंदिर बहुत ही विलक्षण व भव्य बना है। प्रतिदिन लाखों भक्त दर्शन-पूजन करने आ रहे हैं। यह देखकर दिल गदगद हो जाता है। रामलला से देश की तरक्की, सुख-शांति की प्रार्थना की है। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी रामलला के दर्शन कर प्रसन्न दिखे। बोले- लंबे समय से दर्शन की इच्छा थी। अब आने का सौभाग्य मिला है। यह धार्मिक आस्था वाला देश है। कोई भी पर्व हम लोग एकत्र होकर मनाते हैं। देश की तरक्की हो, आपस में भाईचारा बना रहे, यही प्रार्थना की है। भारत एक गुलदस्ता है। गुलदस्ते के अलग-अलग रंग हैं। हर फूल की अपनी सुगंध है। गुलदस्ते की महक बरकरार रहनी चाहिए।
राममंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने दोनों मुख्यमंत्रियों को रामलला का प्रसाद, अंगवस्त्र आदि भेंटकर अभिनंदन किया। चंपत राय ने मंदिर निर्माण व अन्य प्रकल्पों के निर्माण कार्य की भी जानकारी दी और परिसर भ्रमण कराया।
केजरीवाल ( Arvind Kejriwal )और भगवंत मान महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर करीब 1.30 बजे उतरे। सुरक्षा के बीच उनका काफिला अयोध्या मंदिर पहुंचा। अरविंद केजरीवाल पीछे की सीट पर बैठे थे, जबकि भगवंत मान आगे सीट पर।एयरपोर्ट के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर उनका स्वागत किया।
माता-पिता और अपनी धर्मपत्नी के साथ आज अयोध्या जी पहुँचकर श्रीराम मंदिर में रामलला जी के दिव्य दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर भगवंत जी एवं उनका परिवार भी साथ रहा। सबने मिलकर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम जी के दर्शन किए एवं देश की तरक़्क़ी के साथ समस्त मानवता के… pic.twitter.com/P6L8StiSOv
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) February 12, 2024