जम्मू-कश्मीर के रामबन( Ramban )जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। भारतीय सेना(Indian Army ) का ट्रक फिसलकर करीब 700 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन जवान बलिदान हो गए। अधिकारियों ने बताया कि हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग- 44 पर बैटरी चश्मा के पास सुबह 11:30 बजे हुआ। सेना का यह ट्रक जम्मू से श्रीनगर जा रहे एक काफिले का हिस्सा था।
रामबन( Ramban )हादसे के तुरंत बाद, एसडीआरएफ, पुलिस, सेना और स्थानीय स्वयंसेवकों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया। दुर्घटना में वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन सैनिक बलिदान हो गए। शहीद हुए सैनिकों का नाम अमित कुमार, सुजीत कुमार और मन बहादुर है। उनके शवों को खाई से बाहर निकाला जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि हादसा इतना दर्दनाक है कि वाहन दुर्घटना के बाद लोहे के ढेर में तब्दील हो गया।सेना और प्रशासन दोनों ने जवानों के बलिदान पर शोक व्यक्त किया है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
शुक्रवार को रामबन( Ramban ) में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ था। सड़क पर मडस्लाइडिंग (कीचड़) के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग 44- को दोनों तरफ से बंद कर दिया गया था। प्रशासन ने लोगों को अलर्ट किया था कि हाईवे क्लियर होने की जानकारी मिलने के बाद ही सफर के लिए निकले।
इससे पहले, 4 जनवरी को बांदीपोरा जिले में सेना का ट्रक खाई में गिरने से 4 जवानों की मौत हुई थी। 2 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ट्रक में 6 जवान ही सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि हादसा जिले के एसके पायीन इलाके में हुआ।