बीते सालों की तरह इस बार भी जन्माष्टमी की तिथि को लेकर आम जनमानस में भ्रम है। कान्हा की नगरी मथुरा में इस बार जन्माष्टमी पर्व दो दिन मनाया जा रहा है।
कुछ मंदिरों में कन्हाई आज जन्म लेंगे तो कुछ मंदिरों में शनिवार को प्राकट्योत्सव होगा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियों में ब्रज झूम रहा है।मथुरा में होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार (24 अगस्त) को मथुरा आ रहे हैं।
मंदिर और घरों में जन्माष्टमी की तैयारियां चल रहीं हैं। बिहारीजी, प्रेममंदिर, नंदभवन नंदगांव, प्राचीन केशव देव मंदिर में 23 अगस्त को जन्माष्टमी मनाई जा रही है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारिकाधीश, इस्कॉन आदि मंदिर में 24 अगस्त को जन्माष्टमी मनाई जाएगी। जन्माष्टमी के लिए मंदिरों को सजाया जा रहा है। हर ओर श्रद्धा से वातावरण महक रहा है।
वृन्दावन के विश्वविख्यात ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार 23 अगस्त को मनाया जाएगा जिसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस दिन मध्य रात्रि में कान्हा का जन्म होने के बाद रात एक बज कर 55 मिनट पर मंगला आरती होती है। मंगला आरती साल में केवल एक बार जन्माष्टमी पर ही होती है।
मंदिर के सेवायत पुजारी अशोक गोस्वामी ने बताया ‘‘वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में 23 अगस्त की रात 12 बजे गर्भगृह में ठाकुर जी का महाभिषेक किया जाएगा। रात एक बज कर 55 मिनट पर मंगला आरती की जाएगी। इसके लिए मंदिर प्रबंधन ने रूपरेखा तैयार कर ली है।’’
मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर 24 अगस्त को जन्माष्टमी मनाई जाएगी। सुबह दस बजे पुष्पांजलि होगी। रात 11 बजे से श्रीगणेश-नवगृह का पूजन होगा। रात 12 बजे भगवान का प्राकट्य होगा। रात 12.10 तक प्राकट्य आरती होगी। जन्म महाभिषेक रात सवा बारह बजे से साढ़े बारह बजे तक चलेगा। रात 12.40 से 12.50 तक श्रृंगार आरती के दर्शन होंगे। जन्म के दर्शन रात डेढ़ बजे तक होंगे।
पूरे देशभर में इस साल कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर दो तिथियों का योग बन रहा है।मंदिरों के पुजारियों की माने तो जन्माष्टमी को लेकर पंचांग भेद हैं, क्योंकि 23 अगस्त को उदया तिथि में रोहिणी नक्षत्र नहीं रहेगा, जबकि 24 अगस्त को अष्टमी तिथि नहीं है। श्रीकृष्ण का जन्म इन्हीं दोनों योग में हुआ था. और वहीं अलग अलग जगहों पर जन्माष्टमी इन दोनों दिन मनाई जा रही है. कृष्ण की जन्मभूमि ब्रज में तैयारियां आज से ही शुरू हो गई हैं ।यहां मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया है। यहां कान्हा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। मथुरा और वृन्दावन समेत पूरे ब्रज में तैयारियां जोरो शोरों से शुरू हो चुकी हैं।मंदिरों के गर्बग्रह में कृष्ण के महाभिषेक और अभिनन्दन की तैयारी पूरी हो चुकी है. यहां कृष्ण जन्मोत्सव आज रात को मनाया जायेगा. यहां पहुंचे श्रद्धालु पूरी तरह से कृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए।